सभी गांवों व प्रत्येक वार्ड के सभी मंदिरों में पहुंचेगी गुरु रविदास की जन्म स्थली से लाई गई पवित्र माटी - सुमन बहमनी
खालसा कॉलेज रोड स्थित गुरु रविदास मंदिर में पूजा अर्चना के साथ मेयर ने स्थापित की पवित्र माटी
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की पावन जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, काशी (वाराणसी) से लाई गई पवित्र माटी का कलश खालसा कॉलेज रोड स्थित गुरु रविदास मंदिर में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ स्थापित किया गया। धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर जय गुरुदेव धन गुरुदेव के जयघोष लगाए। मंदिर में स्थापना से पूर्व मेयर सुमन बहमनी व भाजपा के यमुना मंडल अध्यक्ष अमन सग्गड़ ने फूलों से सजे पवित्र माटी के कलश को सिर पर धारण कर शोभायात्रा के रूप में मंदिर तक पहुंचाया। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कलश की स्थापना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक आयोजन में भाग लेकर संत गुरु रविदास जी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली से लाई गई यह पावन माटी नगर निगम के प्रत्येक वार्ड तथा जिले के सभी गांवों में स्थित गुरु रविदास मंदिरों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस पावन धरोहर के दर्शन कर सकें और संत गुरु रविदास जी के संदेश से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की अमर वाणी मन चंगा तो कठौती में गंगा आज भी समाज को सत्य, सदाचार और मानवता का मार्ग दिखाती है। काशी से लाई गई यह पावन माटी केवल मिट्टी नहीं, बल्कि संत गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, मानवता और सामाजिक एकता के दिव्य संदेश की प्रतीक है। इसी संदेश को हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर देशवासी तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर कमेटी खालसा कॉलेज रोड के प्रधान जनता राम ने कहा कि काशी से आई पावन माटी का मंदिर में पहुंचना पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है। यह केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि संत गुरु रविदास जी के बताए समानता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द को मजबूत करने का आह्वान किया। मौके पर विभा गुप्ता, मनीषा कंसल, दीक्षा बराड़, ममता सेन, शुभम राणा, संदीप बजाज, भंवर जोत सिंह, कपिल दुआ समेत मंदिर कमेटी के सभी पदाधिकारी व श्रद्धालु मौजूद रहें।