मुख्य सिपाही देशराज एवं मुख्य सिपाही विनोद सहायक उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नत, एसपी निकिता खट्टर ने स्टार लगाकर दी शुभकामनाएं
– पदोन्नति को जिम्मेदारियों में वृद्धि बताते हुए एसपी ने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का किया आह्वान
फतेहाबाद, 06 अगस्त। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: पुलिस विभाग में पदोन्नति अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा तथा उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान होती है। इसी क्रम में मुख्य सिपाही पद से पदोन्नत होकर सहायक उपनिरीक्षक बने देशराज एवं विनोद को *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* ने अपने कार्यालय में स्टार लगाकर शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* ने कहा कि पदोन्नति किसी भी कर्मचारी के लिए गर्व और सम्मान का अवसर होने के साथ-साथ नई जिम्मेदारियों का भी प्रतीक है। उन्होंने दोनों नवपदोन्नत अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में प्रत्येक पद का अपना महत्व है और प्रत्येक अधिकारी की कार्यशैली, व्यवहार एवं कर्तव्यनिष्ठा से पुलिस की सकारात्मक छवि और अधिक सुदृढ़ होती है। उन्होंने कहा कि यह पदोन्नति अनुभव, कार्यकुशलता और सेवाभाव का सम्मान है तथा उन्हें विश्वास है कि सहायक उपनिरीक्षक देशराज एवं विनोद भविष्य में भी पूरी लगन और पेशेवर दक्षता के साथ विभाग की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।
पदोन्नति के अवसर पर सहायक उपनिरीक्षक देशराज एवं विनोद ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विभाग द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं कर्तव्यभावना के साथ निर्वहन करेंगे तथा जनसेवा और विभाग की गरिमा बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।
इस अवसर पर पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सहायक उपनिरीक्षक देशराज एवं विनोद को पदोन्नति की शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।