शहपुरा मॉडल कॉलेज के छात्रों ने सीखी जैविक खेती की तकनीकें
नर्मदांचल गौ सेवा समिति ढोंढ़ा में एक दिवसीय प्रायोगिक प्रशिक्षण, करीब 35 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
शासकीय मॉडल कॉलेज शहपुरा के स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत संचालित “ऑर्गेनिक फार्मिंग—इट्स रिक्वायरमेंट एंड ग्लोबल अपॉर्च्युनिटीज” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत विद्यार्थियों को नर्मदांचल गौ सेवा समिति ढोंढ़ा में जैविक खेती का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया।
जैविक कृषि विशेषज्ञ एवं समिति के संचालक बिहारी लाल साहू ने छात्र-छात्राओं को जीवामृत, घनामृत, अग्निअस्त्र, बीजामृत, वर्मीवाश, नीमास्त्र और ब्रह्मास्त्र सहित विभिन्न जैविक कृषि विधियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को गोबर गैस, कम्पोस्ट खाद और केंचुआ खाद तैयार करने की प्रक्रिया भी प्रायोगिक रूप से समझाई गई।
प्रशिक्षण के दौरान बिहारी लाल साहू ने कहा कि गौवंश आधारित प्राकृतिक खेती से भूमि, पर्यावरण और स्वास्थ्य में सुधार की संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जैविक खेती की विभिन्न तकनीकों को अपनाने और उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी।
स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. नरेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को जैविक खेती के माध्यम से स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना और रासायनिक खेती के संभावित दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। विद्यार्थियों ने गौशाला में तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों और कृषि तकनीकों में रुचि दिखाई।
कार्यक्रम में प्रकोष्ठ के सह-समन्वयक डॉ. अजय राय, डॉ. शाहीन बेगम अंसारी, डॉ. ज्योति त्रिपाठी, डॉ. दीपक अग्रवाल सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे। प्रशिक्षण में बीए और बीएससी के करीब 35 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
#Shahpura #OrganicFarming #Dindori #MadhyaPradesh #EducationNews Part 8