समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 03 सितम्बर 2026
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, संबंधित पदाधिकारियों को सतर्कता एवं आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश
जल संसाधन विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार गंगा नदी का जलस्तर दिनांक 03.09.2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे 60.34 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान 60.32 मीटर से 0.02 मीटर (02 सेंटीमीटर) अधिक है।
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर आज दिनांक 03.09.2026 को जिला पदाधिकारी, बक्सर श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा के क्रम में बताया गया कि—
बक्सर अंचल अंतर्गत छोटका नुआँव पंचायत के गोविंदपुर गाँव के प्रभावित होने की सूचना है। आमजनों की सुविधा एवं राहत हेतु 02 नावों का परिचालन कराया जा रहा है।
चौसा अंचल अंतर्गत बनारपुर पंचायत के बनारपुर गाँव के प्रभावित होने की सूचना है। आमजनों की सुविधा एवं राहत हेतु 02 नावों का परिचालन कराया जा रहा है। साथ ही अब तक 80 पॉलीथीन शीट्स का वितरण किया गया है।
ब्रह्मपुर अंचल अंतर्गत उत्तरी नैनीजोर पंचायत के ढाबी एवं गजाधर डेरा गाँव के प्रभावित होने की सूचना है। आमजनों की सुविधा एवं राहत हेतु 06 नावों का परिचालन कराया जा रहा है।
सिमरी अंचल अंतर्गत गंगौली एवं राजपुर परसनपाह पंचायत के श्रीकांत राय के डेरा, रामदास राय के डेरा तथा तवकल राय के डेरा गाँव के प्रभावित होने की सूचना है। आमजनों की सुविधा एवं राहत हेतु 09 नावों का परिचालन कराया जा रहा है।
जन सुरक्षा के मद्देनजर दिए गए आवश्यक निर्देश
समीक्षा के उपरांत जनसुरक्षा के दृष्टिकोण से सतर्कता बरतने एवं लगातार निगरानी रखने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निम्नलिखित निर्देश दिए गए:-
1. सभी बाढ़ प्रवण अंचलों के अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपने क्षेत्रांतर्गत कर्मियों के माध्यम से पर्याप्त निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। साथ ही लोगों को नदी के किनारे नहीं जाने तथा बच्चों को नदी से दूर रखने हेतु व्यापक रूप से जागरूक करना सुनिश्चित करेंगे।
2. नगर कार्यपालक पदाधिकारी को भी अपने क्षेत्रांतर्गत उक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार प्रभावित लोगों को तत्काल नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
3. संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बाढ़ की स्थिति के मद्देनजर आश्रय स्थलों एवं सामुदायिक रसोई केंद्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अन्य आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करेंगे। साथ ही आवश्यक स्थलों पर नाव, नाविक एवं गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
4. कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, बक्सर को निर्देश दिया गया कि बक्सर-कोईलवर तटबंध की 24×7 निगरानी सुनिश्चित करने के साथ-साथ कटाव निरोधक कार्य हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करेंगे। बक्सर नगर क्षेत्र के घाटों का भी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
5. अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमराँव को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने अनुमंडल अंतर्गत संबंधित पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का स्थिति सामान्य होने तक लगातार अनुश्रवण सुनिश्चित करेंगे। जलस्तर की समीक्षा करते हुए नदी में नावों के परिचालन पर आवश्यकतानुसार रोक लगाने संबंधी कार्रवाई करेंगे। साथ ही नदी में अवैध नाव परिचालन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
6. सिविल सर्जन, बक्सर को निर्देश दिया गया कि बाढ़ प्रवण क्षेत्रों के अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के साथ-साथ चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सिमरी एवं ब्रह्मपुर अंचल के प्रभावित क्षेत्रों में बोट एम्बुलेंस का संचालन सुनिश्चित करेंगे।
7. कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल, बक्सर को निर्देश दिया गया कि प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत तारों का पुनः निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी परिस्थिति में शॉर्ट सर्किट अथवा ढीले तारों के कारण किसी अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
8. कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, बक्सर को निर्देश दिया गया कि गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
9. जिला पशुपालन पदाधिकारी, बक्सर को निर्देशित किया गया कि प्रभावित क्षेत्रों में पशु चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ मोबाइल वेटरिनरी यूनिट का संचालन भी सुनिश्चित करेंगे।
10. सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, बक्सर को निर्देशित किया गया कि सभी बाढ़ प्रवण अंचल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार पॉलीथीन शीट्स की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
संबंधित पदाधिकारियों को बैरिकेडिंग एवं लाल ध्वज लगाने हेतु निदेश दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा गंगा नदी के जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर #IPRDBihar #buxarcity #buxarjila #BuxarNews #bihar #buxar Disaster Management Department Govt. of Bihar
7 views | Buxar, Bihar | Sep 3, 2026