अखिलेश यादव जी ने खिलाड़ियों से की मुलाकात, खेलों के विकास पर हुई चर्चा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी ने रविवार, 27 सितंबर 2026 को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के साथ बैठक की। इस दौरान खिलाड़ियों की समस्याओं, खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण, खेल उपकरण, पोषण और खिलाड़ियों के उपचार सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में समाजवादी पार्टी के नेता, समाजसेवी एवं खिलाड़ी श्री हसनुद्दीन सिद्दीकी सहित विभिन्न खेलों से जुड़े अन्य खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने खेलों के विकास और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर अपने सुझाव रखे।
बैठक में गांव, ब्लॉक, तहसील, जिला और मंडल स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराने तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अखिलेश यादव जी ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के सुझाव सुने और खेलों को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बैठक के बाद राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।
समाजवादी पार्टी की ओर से कहा गया कि खिलाड़ियों की ओर से प्राप्त सुझावों को आगामी विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। बैठक में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
बैठक में हसनुद्दीन सिद्दीकी सहित मौजूद खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने खेल जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव रखे।
Banda, Banda | Sep 29, 2026