राष्ट्रीय पोषण माह 2026 की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
'हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी' थीम पर चलेगा अभियान
_____________________
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज जिला रीवा स्थित होटल स्टार में ‘राष्ट्रीय पोषण माह 2026’ के शुभारंभ अवसर पर जिला स्तरीय कार्यशाला का गरिमामय आयोजन किया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की मुख्य थीम 'हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी' निर्धारित की गई है, जिसके तहत समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर वाराणसी से आयोजित पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव (लाइव) प्रसारण कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा देखा गया। इसके साथ ही पूरे रीवा जिले के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्र स्तर पर एकत्रित महिला हितग्राहियों को यह सीधा प्रसारण दिखाया गया।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती शशिश्याम उइके, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास रीवा संभाग रीवा उपस्थित रहीं। यह आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रीवा के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संभाग व जिले के समस्त परियोजना अधिकारी, समस्त पर्यवेक्षक, पोषण अभियान के जिला समन्वयक एवं ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान 'हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी' की मूल भावना के अनुरूप पूरे जिले में माह भर चलने वाले राष्ट्रीय पोषण माह के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। विभागीय गतिविधि कैलेंडर के अनुसार प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के क्रियान्वयन हेतु मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों से उनके सुझाव व राय प्राप्त करते हुए पूरे माह की पूर्व तैयारियों, समुदाय को आंगनवाड़ी से जोड़ने तथा जन-जागरूकता गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh
#Rewa #रीवा