पीएम श्री स्कूल चौपाल में अंडर-19 जोनल खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, 18 स्कूलों के 250 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
चौपाल। पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चौपाल में गुरुवार से अंडर-19 छात्रों की तीन दिवसीय जोनल खेलकूद प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता में चौपाल जोन के 18 स्कूलों के करीब 250 छात्र खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में पीएम श्री स्कूल चौपाल से करीब दो माह पूर्व अधीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए कुंदन बरागटा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक जितेंद्र चौहान, नीरा कल्थायिक, यशपाल पांटा और प्रेम चंद ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
स्कूल के प्रधानाचार्य हरि शर्मा, जिन्हें विद्यालय में ऊर्जा और बेहतर प्रबंधन के लिए “मैनेजमेंट गुरु” के नाम से भी जाना जाता है, ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम के साथ हुई। इसके बाद सभी 18 स्कूलों के खिलाड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट में हिस्सा लिया। मार्चपास्ट में उत्कृष्ट विद्यालय चौपाल ने प्रथम, जबकि वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरेन ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के अगले चरण में 11 सितंबर से कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो और बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा।
प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और स्कूलों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खेलों के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का परिचय देने का अवसर भी मिलेगा।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए चौपाल से गिरीश ठाकुर की रिपोर्ट।