चौपाल में महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल, शुरू हुआ ‘HIMJAL’ मिनरल वाटर प्लांट
चौपाल की ग्राम पंचायत ठाणा में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है। यहां हिमाचल प्रदेश का पहला महिला संचालित मिनरल वाटर प्लांट ‘HIMJAL’ शुरू किया गया है।
विकास खंड चौपाल की ग्राम पंचायत ठाणा में शुरू हुए इस प्लांट का संचालन और प्रबंधन महिला ग्राम संगठन ठाणा से जुड़ी महिलाएं करेंगी। यह परियोजना हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत शुरू की गई है।
प्लांट की स्थापना के लिए महिला ग्राम संगठन को 13 लाख 80 हजार रुपये की ऋण सहायता मिली है। इसका उद्देश्य महिलाओं को स्थायी स्वरोजगार, आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है।
प्लांट का शुभारंभ एसडीएम चौपाल, डीएफओ चौपाल और डीएसपी चौपाल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बीडीओ चौपाल विनीत ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी और महिला संगठन की सदस्य महिलाएं मौजूद रहीं।
बीडीओ विनीत ठाकुर ने कहा कि ‘HIMJAL’ ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उद्यमिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने महिलाओं को प्लांट के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो चौपाल