120 विद्यार्थियों ने पोस्टर बनाकर सिंगल यूज प्लास्टिक के बताए दुष्प्रभाव
ग्रीन कमेटी का गठन कर विद्यार्थियों को सौंपी पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी, विजेताओं को प्रमाण-पत्र व उपहार देकर किया सम्मानित
यमुनानगर। नगर निगम की ओर से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म पब्लिक स्कूल में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। मेयर सुमन बहमनी व निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर नगर निगम की अधिकृत संस्था हीर एंवायरो सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड की आईईसी टीम द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का विषय सिंगल यूज प्लास्टिक (एसयूपी) के दुष्प्रभावों एवं इसके उपयोग में कमी लाने पर आधारित रहा। प्रतियोगिता में 120 विद्यार्थियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर पोस्टर बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान आईईसी एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार ने विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान, इसके पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा प्लास्टिक के विकल्प अपनाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने और कचरे का उचित पृथक्करण करने के लिए भी प्रेरित किया गया। प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को एक घंटे का समय दिया गया, जिसमें उन्होंने आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर तैयार किए। इस अवसर पर विद्यालय में पांच सदस्यीय ग्रीन कमेटी का भी गठन किया गया। कमेटी का उद्देश्य स्कूल परिसर में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, होम एवं स्कूल कम्पोस्टिंग, सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल में कमी तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना है। खास बात यह रही कि ग्रीन कमेटी के पांचों सदस्यों ने पोस्टर प्रतियोगिता में भी भाग लिया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रथम से पांचवां स्थान हासिल किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को छोटी उम्र से ही पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना जरूरी है। इस मौके पर गतिविधि प्रभारी अंजू शर्मा, समन्वयक भावना सहित स्कूल स्टाफ एवं आईईसी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
-----------
यह रहा प्रतियोगिता का परिणाम -
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर मनवी, द्वितीय स्थान पर अनुराग, तृतीय स्थान पर जानवी, चतुर्थ स्थान पर परीशा सैनी व पंचम स्थान पर दिवांशा रही। सभी विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
फोटो - प्रतियोगिता में भाग लेते विद्यार्थी।
प्रतियोगिता में बनाए पोस्टर दिखाते विद्यार्थी।