बर्बादी का बकाया मुआवजे सहित अन्यमांगों को लेकर किसान सभा के दर्जनों किसान भिवानी से ओटू हैड महापंचायत के लिए हुए रवाना
भिवानी, 03 जून : अखिल भारतीय किसान सभा जिला कमेटी की ओर से दर्जनों कार्यकर्ता अत्याधिक बारिश से होने वाले जलभराव/बाढ़ कोरोकने हेतु तथा 2025 की बर्बाद खरीफ फसल का बकाया मुआवजा व बीमा क्लेम दिलाने हेतु संयुक्त किसान मोर्चा ऐलनाबाद के आह्वान पर किसान महापंचायत ओटू हैड में पहुंचे। जत्थे का नेतृत्व किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल व जिला सचिव मास्टर जग रोशन कर रहे थे। किसान जत्थे को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला उपप्रधान कामरेड ओमप्रकाश व जिला सचिव मास्टर जगरोशन ने कहा कि जुलाई व अगस्त 2025 में भिवानी समेत कई जिलों में जो जलभराव/बाढ़ आई थी, वह प्राकृतिक की बजाए राज्य सरकार व जिला प्रशासनों की घोर लापरवाही का नतीजा थी। यदि समय रहते सभी ड्रेनों/नालों की सफाई व खुदाई हो जाती या पटरियां मजबूत हो जाती तो करोड़ो लोगों की जान माल की हानि बच जाती। उन्होंने कहा कि अभी इस बाढ़/जलभराव से जो फसलों व मकानों का नुकसान हुआ है, उसका अभी भी पूरा मुआवजा व बीमा क्लेम नहीं मिला है। कुछ गांव में जलभराव/बाढ़ का पानी ठहरने से रबी फसल की बुआई नहीं हो पाई थी। परंतु राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों को मामूली मुआवजा दिया है, ज्यादातर किसानों को इससे वंचित रखा जा रहा है। अत्याधिक बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों का सरकार ने अभी कोई मुआवजा नहीं दिया। यहां तक कि प्रभावित/पीडि़त गांव के मनरेगा मजदूरों को भी काम नहीं दिया गया। 2025 की जलभराव/बाढ़ ने पूरे हरियाणा के जन जीवन को गहरे रूप में प्रभावित किया है। यदि राज्य सरकार ने भविष्य में इस ओर पहले की तरह आंख मिची की तो हरियाणा की जनता शासकों को कभी माफ नहीं करेगी। इसलिए किसान मांग करते है कि सभी ड्रेनों को चौड़ा किया जाए, नाके मजबूत किए जाए, भिवानी-हिसार घघर ड्रेन का पानी लिफ्ट करके सीधा घघर में डाला जाए। ओटू हैड पहुंचने वालों में मुख्य रूप से किसान सभा नेता कर्ण सिंह जैनावास, सुबेदार धनपत, राजेश कुंगड़, संतोष देशवाल, राजकुमार दलाल, निर्मल नाथुवास, प्रताप सिंह सिंहमार, राजेन्द्र धनाना, सत्यवान धनाना, सतबीर घुसकानी, अश्वनी मिताथल, मजदूर नेता सुखदेव पालवास व बलजीत मौखरा सहित दर्जनों किसान शामिल रहेरू।