मुख्य विकास अधिकारी ने निःशुल्क चिकित्सा शिविर का किया शुभारंभ, 116 लोगों ने लिया लाभ
हरदोई। विकास भवन सभागार में सोमवार को आयुष विभाग, हरदोई की ओर से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध आयुर्वेद, होम्योपैथ एवं यूनानी चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डा. आशा रावत, चिकित्साधिकारी होम्योपैथ डा. मधु बाजपेयी एवं मंडलीय यूनानी अधिकारी के निर्देशन में आयोजित शिविर में आयुष विभाग की छह सदस्यीय टीम ने विकास भवन परिसर स्थित मीटिंग हॉल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डा. आशा रावत ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 116 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
इस दौरान आयुर्वेद चिकित्सक डा. मीनाक्षी, डा. आशीष कुमार, होम्योपैथ चिकित्सक डा. दिनेश कुमार चतुर्वेदी, फार्मासिस्ट आनंद कुमार, यूनानी चिकित्सक डा. जरीन बेगम तथा योग प्रशिक्षक डा. सर्वेश कुमार पाण्डेय सहित आयुष विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 14, 2026