जालौन पुलिस का बड़ा खुलासा: चोरी की वारदात का पर्दाफाश, 5 शातिर चोर गिरफ्तार, ₹80 हजार नकद और दो बाइक बरामद
कोतवाली जालौन पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने प्रेसवार्ता में दी पूरी जानकारी
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
कोतवाली जालौन पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की एक बड़ी घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के ₹80 हजार नकद और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने प्रेसवार्ता के दौरान किया।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को वादी दिलीप कुमार अग्रवाल ने कोतवाली जालौन में तहरीर देकर बताया था कि 28 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनके घर के सामने स्कूटी पर टंगे बैग से नकदी चोरी कर फरार हो गए थे। इस शिकायत के आधार पर कोतवाली जालौन में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने लगातार साक्ष्य जुटाते हुए 3 अगस्त 2026 को कार्रवाई कर घटना का खुलासा कर दिया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर बैग चोरी किया था, जिसमें ₹82 हजार रखे थे। आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम में से ₹2 हजार खर्च कर चुके हैं, जबकि शेष ₹80 हजार पुलिस ने बरामद कर लिए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ले ली हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में वाशिल पुत्र नाजिम निवासी मोहल्ला रापटगंज, सजल फरीदी पुत्र मोहम्मद सोहिल फरीदी निवासी मोहल्ला रापटगंज, सूफियान उर्फ लक्की पुत्र असगर निवासी मोहल्ला शाहगंज, फरहान पुत्र नौशाद निवासी मोहल्ला टोपखाना तथा शान पुत्र अकील अली निवासी मोहल्ला मुस्लिम नगर, सभी थाना कोतवाली जालौन, जनपद जालौन के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से कुछ आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है तथा पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
#jalaun #Jalaunpolice #uppolice #orai #theftnews #khulasa #crimenews #spjalaun
Orai, Jalaun | Aug 4, 2026