बस्ती में शोहदों और मनचलों के खिलाफ महिला पुलिस का सघन अभियान, महिला थानाध्यक्ष शालिनी सिंह ने संभाली कमान
*जनपद बस्ती, 01 अक्टूबर 2026।* जनपद में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बस्ती पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक *डॉ0 यशवीर सिंह* के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक *श्री श्यामकांत* के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर/सहायक पुलिस अधीक्षक *सुश्री मानसी दहिया* के कुशल पर्यवेक्षण में आज महिला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व *प्रभारी निरीक्षक महिला थाना शालिनी सिंह* ने अपनी फोर्स के साथ किया। श्रीमती शालिनी सिंह के नेतृत्व में महिला पुलिस टीम ने फव्वारा तिराहा, कंपनी बाग, गांधी नगर, कटेश्वर पार्क, शापिंग मॉल और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे 50 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई और 5 लोगों से माफीनामा भरवाया गया। महिला थानाध्यक्ष शालिनी सिंह ने खुद बाजार में आने-जाने वाली महिलाओं से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का एहसास कराया और कहा कि किसी भी परेशानी पर सीधे 1090 वूमेन पावर लाइन और महिला थाना से संपर्क करें।
थानाध्यक्ष शालिनी सिंह ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से छेड़खानी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। महिला पुलिस की यह सक्रियता देखकर आम महिलाओं में काफी भरोसा बढ़ा है और उन्होंने पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 1, 2026