बाजरे की फसल और झाड़ियों के बीच छिपा पड़ा पांच साल से बंद सामुदायिक शौचालय।
सरकार की मंशा थी कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव-गांव सामुदायिक शौचालय बनवाकर ग्रामीणों को खुले में शौच से मुक्ति दिलाई जाए, लेकिन अमेठी के संग्रामपुर विकासखंड में इस योजना की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
संग्रामपुर क्षेत्र की इंटौरी ग्राम सभा में बना सामुदायिक शौचालय पिछले करीब पांच वर्षों से बंद पड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक, निर्माण के बाद कभी-कभार ही इसका संचालन हुआ। आज स्थिति यह है कि पूरा शौचालय बाजरे की फसल और झाड़ियों से ढका हुआ है। दूर से देखने पर इसका पता तक नहीं चलता।
स्थानीय स्तर पर अन्य ग्राम पंचायतों के सामुदायिक शौचालयों के संचालन पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कहीं दरवाजे और सीट गायब हैं तो कहीं पानी की व्यवस्था नहीं है। कई शौचालयों में ताले लटक रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को खुले में शौच जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
शिकायत यह भी है कि शौचालयों का नियमित संचालन नहीं होने के बावजूद साफ-सफाई और केयरटेकर के नाम पर धनराशि खर्च की जा रही है। संग्रामपुर क्षेत्र की करीब 80 प्रतिशत सामुदायिक शौचालय इकाइयों के निष्क्रिय होने का दावा किया जा रहा है।
अब सवाल यह है कि सरकारी धन से बने इन शौचालयों का संचालन आखिर कब शुरू होगा? जिम्मेदार अधिकारी इनकी सुध कब लेंगे और ग्रामीणों को खुले में शौच की मजबूरी से कब निजात मिलेगी?
DM Amethi Government of UP MYogiAdityanath
Amethi, Amethi | Nov 19, 2026