बिहार सरकार
जिला पदाधिकारी, गया जी
प्रेस विज्ञप्ति
गया जी। दिनांक – 09 सितंबर 2026
गया जी में 09 सितंबर से 08 अक्टूबर तक मनाया जाएगा
पोषण माह
“हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम के साथ चलेगा व्यापक जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी अभियान
गया जी जिले में 09 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026 तक पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी, गया जी श्री शशांक शुभांकर जी ने द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर पोषण माह 2026 का विधिवत शुभारंभ किया।
इस वर्ष पोषण माह का मुख्य विषय “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखा गया है।
इसके माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को और सशक्त बनाने के साथ-साथ समुदाय की भागीदारी एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
पोषण माह के दौरान जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जाएगी।
पोषण माह के दौरान इन विषयों पर होगा विशेष फोकस
1. आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन:-
संतुलित एवं पौष्टिक आहार स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। पोषण माह के दौरान आहार में विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन के महत्व के प्रति आमजनों को जागरूक किया जाएगा।
2. आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन (HCM):-
लाभार्थी बच्चों एवं महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण पोषण उपलब्ध कराने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्म एवं ताजा पका भोजन सुनिश्चित करने के संबंध में जागरूकता एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
3. सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही
पोषण सेवाओं को बेहतर बनाने में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति सामुदायिक स्वामित्व की भावना विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
4. बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन
बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पोषण के साथ-साथ प्रारंभिक उद्दीपन की महत्ता के प्रति अभिभावकों एवं समुदाय को जागरूक किया जाएगा।
5. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY)
गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के मातृ स्वास्थ्य एवं पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत उपलब्ध नकद अंतरण के संबंध में पात्र लाभार्थियों को जानकारी दी जाएगी।
केंद्रीय मंत्री एवं एफआईडीआई टीम के प्रति आभार
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के माननीय केंद्रीय मंत्री श्री हरदीप पुरी जी, केंद्रीय मंत्रालय के कार्यपालक निदेशक एवं स्टेकहोल्डर प्रमुख श्री सत्य प्रकाश राणा जी की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर कहा गया कि सामाजिक दायित्व के तहत की जाने वाली इस प्रकार की पहल से समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। जिला प्रशासन द्वारा इस संबंधी सुविधाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाने का आग्रह भी किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित कैलेंडर के अनुरूप सभी गतिविधियों का सफल एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि अभियान की नियमित एवं प्रभावी निगरानी तथा मूल्यांकन सुनिश्चित किया जा सके।
साथ ही, आंगनबाड़ी केंद्रों, समुदाय एवं क्षेत्र की स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त गतिविधियां आयोजित करने के लिए भी निर्देशित किया गया है।
पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों की दैनिक प्रगति एवं आंकड़ों को जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर अपलोड लिंक poshanabhiyaan.gov.in करने का निर्देश दिया गया है, ताकि अभियान की नियमित एवं प्रभावी निगरानी तथा मूल्यांकन सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से भी पोषण माह के दौरान आयोजित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सुपोषित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई है।
इस अवसर पर एडीएम (विधि व्यवस्था), डीपीओ आईसीडीएस, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा सहित सभी सीडीपीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित हुए।
सुपोषित गया जी, स्वस्थ गया जी के निर्माण में जन भागीदारी ही सबसे महत्वपूर्ण आधार है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Health Department DD News Bihar Bihar Tak
Gaya, Bihar | Sep 10, 2026