Public App Logo
*कुएँ में जहरीली गैस से चार व्यक्तियों की मृत्यु, SDRF एवं अग्निशमन दल ने सभी शवों को किया बरामद* *माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर मृतकों के आश्रितों को दी गयी ₹4-₹4 लाख की अनुग्रह सहायता राशि* गया, 17 अगस्त 2026, गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल अंतर्गत डोभी प्रखंड में एक दुखद घटना में कुएँ के अंदर जहरीली गैस के प्रभाव से चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन के निर्देश पर SDRF एवं अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुँचकर सभी चार मृतकों के शवों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान: विजय चौधरी (लगभग 55 वर्ष), पिता–स्व. मनु चौधरी; चामारी मांझी (लगभग 57 वर्ष), पिता–सवीर मांझी; विकास कुमार (लगभग 23 वर्ष), पिता–विजय चौधरी; तथा दिलचन्द कुमार (लगभग 26 वर्ष), पिता–कारू मंडल; सभी निवासी डोभी प्रखंड, शेरघाटी अनुमंडल, गया के रूप में हुई है। घटना के उपरांत माननीय मुख्यमंत्री बिहार के निर्देश पर आपदा विभाग द्वारा मृतकों के निकटतम आश्रितों को ₹4 लाख प्रति मृतक, अर्थात कुल ₹16 लाख की अनुग्रह सहायता राशि का चेक उपलब्ध कराया गया। जिला आपदा शाखा, गया द्वारा घटना के उपरांत आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने तथा आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है। अपर समाहर्ता आपदा श्री पंकज कुमार द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि बिना सुरक्षा व्यवस्था एवं विशेषज्ञों की सहायता के कुएँ, टैंक अथवा अन्य बंद एवं संकरे स्थानों में प्रवेश न करें, क्योंकि इनमें जहरीली गैसों की उपस्थिति जानलेवा हो सकती है। - Khizirsarai News