संकल्प समूह की सराहनीय पहल, शासकीय विद्यालय रेहगांव में वाटर कूलर का लोकार्पण
________________
जनसहयोग से विद्यार्थियों को मिलेगी शुद्ध एवं शीतल पेयजल की सुविधा
________________
संकल्प स्व-सहायता समूह ने शिक्षा के साथ समाजसेवा का दिया प्रेरणादायक संदेश
________________
खरगोन 10 नवंबर 2026। ग्राम रेहगांव में सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए संकल्प स्व-सहायता समूह द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय रेहगांव में स्थापित वाटर कूलर का लोकार्पण किया गया। समूह की इस पहल से विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अब शुद्ध एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।
एक कदम उज्ज्वल भविष्य की ओर
‘एक कदम उज्ज्वल भविष्य की ओर’ के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है। संकल्प समूह की इस पहल से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आवश्यक बुनियादी सुविधा भी मिल सकेगी।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से बीईओ श्री दिनेश पटेल, बीआरसी श्री जगदीश हिरवे, जन शिक्षा केंद्र प्रभारी श्री गिरीश शर्मा, जन शिक्षक श्री लकेश यादव एवं संस्था प्रभारी श्री जगदीश यादव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती रेखा, उपसरपंच श्री सुभाष यादव एवं जनप्रतिनिधि श्री ओम यादव भी मौजूद रहे। संकल्प समूह की ओर से अध्यक्ष श्री राहुल यादव, सचिव श्री सतीश यादव, प्रशासक श्री कमलेश यादव एवं समूह के मार्गदर्शक श्री राधेश्याम यादव सहित समूह के समस्त सदस्यों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में ग्राम के गणमान्य नागरिकों, सामान्य सदस्यों, विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति भी रही।
बचत के साथ समाजसेवा का भी संकल्प
उल्लेखनीय है कि संकल्प स्व-सहायता समूह सामूहिक आर्थिक योगदान के माध्यम से बचत को प्रोत्साहित करने के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। समूह द्वारा विद्यालय में वाटर कूलर की स्थापना इसी सामूहिक प्रयास एवं जनकल्याण की भावना का प्रेरणादायक उदाहरण है।
इस पहल से विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में ही शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही यह आयोजन समाज में सहयोग, सामूहिक एकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देता है।
संकल्प समूह की यह पहल दर्शाती है कि समाज के लोग एकजुट होकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें, तो छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Nov 11, 2026