कोटा में चाकूबाजी में फरार चल रहा फैजल उर्फ बच्चा गिरफ्तार,
पुरानी रंजिश में इंद्रजीत सोलंकी पर चाकू से किया था हमला
कोटा के गुमानपुरा थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी फैजल उर्फ बच्चा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी 26 जुलाई 2026 को हुई वारदात के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्विनी गौत्तम ने बताया कि 26 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे इंद्रजीत सोलंकी अपनी एक्टिवा से पेट्रोल भरवाने जा रहा था। एवी बैंक के सामने घोड़ा वाला बाबा के पास पहुंचने पर पीछे से दो बाइकों पर आए अंशुल कालिया, रोहित उर्फ कबुतर, प्रिंस अरोड़ा, मेहुल बच्चा और फैजल बच्चा ने उसे रोक लिया।
परिवाद के अनुसार आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते इंद्रजीत पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में उसके दाहिने कंधे और बाएं पैर पर चोटें आईं तथा वह एक्टिवा से नीचे गिर गया। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ पाइप से मारपीट भी की गई। परिवादी ने पुलिस को बताया कि रोहित उर्फ कबुतर ने उस पर पिस्टल तानी, लेकिन पिस्टल नहीं चली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाषचन्द्र और वृत्ताधिकारी प्रथम मनीष शर्मा के निर्देशन में थाना गुमानपुरा एवं जिला विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की और तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की मदद से फैजल उर्फ बच्चा पुत्र अहसान अली, उम्र 23 वर्ष, निवासी गुलशन मदरसे के पीछे, साजीदेहड़ा, थाना किशोरपुरा, कोटा शहर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में थाना गुमानपुरा में प्रकरण संख्या 303/2026 दर्ज कर धारा 115(2), 126(2), 109(1), 189(2), 111(2)(बी) बीएनएस के तहत अनुसंधान किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
टीम में शामिल पुलिसकर्मी
कार्रवाई में थाना गुमानपुरा के पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सहायक उपनिरीक्षक शेरसिंह तथा जिला विशेष टीम के सहायक उपनिरीक्षक रामवीर सिंह, कांस्टेबल प्रदीप 1643 और कांस्टेबल शौकत 1014 शामिल रहे।
विशेष योगदान: कांस्टेबल प्रदीप 1643 का रहा।
Sangod, Kota | Oct 6, 2026