अपना दल कमेरावादी का वाराणसी के रोहनिया में विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न, बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और ग्रामीण हुए शामिल
वाराणसी। अपना दल कमेरावादी का रोहनिया विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन शुक्रवार दोपहर करीब 12बजे हरिहरपुर स्थित ओमकार लॉन में आयोजित हुआ। सम्मेलन से पूर्व कार्यकर्ताओं ने मोहनसराय तिराहे से रोहनिया बाजार तक मोटरसाइकिल जुलूस निकाला। इसमें विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और ग्रामीण शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी की शीर्ष नेता एवं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने कार्यकर्ताओं से आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन का पुनरीक्षण कर ‘टेन यूथ’ की तर्ज पर मजबूत संगठन बनाने तथा इसमें महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर भाजपा सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि वंचितों का दमन सरकार की पहचान बन गया है।और विकास से अधिक दिखावा किया जा रहा है। महिला आरक्षण को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपना दल कमेरावादी सड़क से सदन तक जनता के मुद्दों पर संघर्ष करता रहेगा।
कार्यक्रम में गगन प्रकाश यादव, अभय पटेल, राजेश प्रधान, संजय पटेल, पंकज सेठ, योगीराज सिंह, उमेश चंद्र मौर्य, बलराम यादव, अनिता पटेल, रूबी देवी व शैलेन्द्र राजभर ने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता शमशेर बहादुर वर्मा और संचालन दिलीप सिंह ने किया।