गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबे युवक का शव बरामद,बच्चे को बचाने के दौरान वरुणा नदी में डूबे थे संजय दीक्षित
वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के इसीपुर गांव के समीप शुक्रवार शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान वरुणा नदी में डूबे जंसा थाना क्षेत्र के राखी नेवादा गांव निवासी संजय दीक्षित उर्फ पिंटू दीक्षित का शव शनिवार दोपहर करीब 12 बजे गद्दोपुर (पिपरा घाट) के समीप बरामद हुआ। शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर मिला।
जानकारी के अनुसार संजय दीक्षित ने अपने घर पर गणेश प्रतिमा स्थापित की थी। शुक्रवार शाम वह प्रतिमा विसर्जन के लिए इसीपुर स्थित वरुणा नदी के किनारे पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान बच्चे को नदी में डूबता देख संजय उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए थे । इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही जंसा और बड़ागांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों की मदद से जाल डालकर देर रात तक उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार को एनडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर गद्दोपुर के पिपरा घाट के पास उनका शव बरामद कर लिया।
संजय दीक्षित एक पुत्र और एक पुत्री के पिता थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां निर्मला देवी और पत्नी इंदु देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वही बड़ागांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
#letestअपडेट #LetestUpdate #VaranasiUpdate 👇👇