शासकीय कन्या महाविद्यालय सिवनी मालवा में जिला स्तरीय महिला शतरंज प्रतियोगिता संपन्न
शासकीय कन्या महाविद्यालय सिवनी मालवा में क्रीड़ा विभाग द्वारा मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर सत्र 2026-27 के अंतर्गत प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय महाविद्यालयीन महिला शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता में शासकीय गृह विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय नर्मदापुरम, शासकीय पीएम कॉलेज ऑफ ऐक्सिलेंस स्नातकोत्तर महाविद्यालय हरदा, शासकीय पीएम कॉलेज ऑफ ऐक्सिलेंस स्नातकोत्तर महाविद्यालय नर्मदापुरम, शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी, एनईएस महाविद्यालय नर्मदापुरम एवं शासकीय कन्या महाविद्यालय सिवनी मालवा की महिला खिलाड़ियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. आर.के. रघुवंशी, प्राचार्य, शासकीय कुसुम स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी मालवा रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक अशोक कुमार यादव, शासकीय कुसुम स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी मालवा एवं डॉ. मोहर सिंह हिंडोलिया, प्राचार्य, शासकीय महाविद्यालय डोलरिया की उपस्थिति रही।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने कहा कि खेल छात्राओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शतरंज एकाग्रता, धैर्य, तार्किक क्षमता और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता को विकसित करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. आर.के. रघुवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि शतरंज केवल मनोरंजन का खेल नहीं, बल्कि यह बौद्धिक क्षमता एवं रणनीतिक सोच को विकसित करने वाला खेल है। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन, धैर्य एवं खेल भावना बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती हैं।
वरिष्ठ प्राध्यापक अशोक कुमार यादव ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रतियोगिता में पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करने तथा जीत-हार से परे खेल से मिलने वाले अनुभव और सीख को महत्वपूर्ण मानने की बात कही। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य डॉ. मोहर सिंह हिंडोलिया ने कहा कि शतरंज जैसे खेल छात्राओं में एकाग्रता, धैर्य और तार्किक चिंतन को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने छात्राओं को खेलों में निरंतर आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा को जिला, संभाग एवं राज्य स्तर तक ले जाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम का मंच संचालन क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र नागले ने किया। मंच संचालन के दौरान उन्होंने शतरंज खेल की विशेषताओं एवं छात्राओं के व्यक्तित्व विकास में खेलों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शतरंज एकाग्रता, धैर्य, दूरदर्शिता और निर्णय क्षमता को विकसित करने वाला खेल है। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में सहभागिता छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है।
प्रतियोगिता में सभी महाविद्यालयों की टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, प्रतियोगिता में प्रथम स्थान गायत्री शासकीय नर्मदा महाविद्यालय नर्मदापुरम, द्वितीय स्थान कशिश बिंडैया शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय नर्मदापुरम, तृतीय स्थान हेमा पटेल शासकीय एनईएस महाविद्यालय नर्मदापुरम, चतुर्थ स्थान पूजा गौर शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय नर्मदापुरम ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में श्री एस.पी. मेहरा, नेशनल आर्बिटर, नर्मदापुरम तथा श्री नारायण बावरिया, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, सिवनी मालवा ने अपनी भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने एकाग्रता, धैर्य एवं रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं खेल भावना का परिचय दिया। अंत में क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र नागले ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, महाविद्यालयों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद किया। प्रतियोगिता का आयोजन निर्धारित नियमों एवं खेल भावना के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रही।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP Department of School Education, Madhya Pradesh Department of Sports & Youth Welfare, Madhya Pradesh