*जन-जन को जोड़ने और विकसित भारत का संकल्प जगाने वाली ऐतिहासिक यात्रा है सेवा संकल्प यात्रा: प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह
*भविष्य के भारत की नींव आज से रख प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण के कार्यों में किया अपना जीवन समर्पित
*माखन नगर में सेवा यात्रियों से मिले प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सुना ‘मन की बात’ कार्यक्रम
*सेवा यात्रियों के अनुभव सुन प्रभारी मंत्री ने जाना उनका कुशलक्षेम, स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की दी सलाह*
➡️ प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह रविवार को वाराणसी से वडनगर तक आयोजित सेवा यात्रा में सम्मिलित सेवा यात्रियों से मिलने माखन नगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सेवा यात्रियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।
कार्यक्रम के उपरांत प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने उपस्थित सेवा यात्रियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं को देश की सेवा के लिए समर्पित किया है। मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल सराहनीय रहा और वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में वे देश की विकास यात्रा को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री जन-जन की सेवा को देश के 140 करोड़ नागरिकों की सेवा के रूप में करते हुए राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के सामने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने की परिकल्पना रखी है। यह ऐसी दीर्घकालिक सोच है, जिसे आज तक किसी भी देश के मुखिया ने नहीं सोचा, जिसके अंतर्गत भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाने तथा विश्व में अग्रणी भूमिका में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आज से ही आने वाली पीढ़ियों और विकसित भारत की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर कार्य कर रहे हैं।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सेवा यात्रा को ऐतिहासिक और जन-जन को जोड़ने वाली यात्रा बताते हुए कहा कि “यह जन से जन को जोड़ने, समरसता का संदेश देने और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने वाली यात्रा है। यह कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास है।” उन्होंने सेवा यात्रियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से की जा रही यह यात्रा समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचा रही है।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सेवा यात्रियों से संवाद कर उनकी यात्रा से जुड़े अनुभवों की जानकारी ली और उनका कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने कहा कि सेवा यात्री एक नेक उद्देश्य के साथ यात्रा कर रहे हैं, इसलिए उन्हें अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी सेवा यात्री को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो तो उनकी स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सेवा यात्रियों ने भी प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह के साथ यात्रा से जुड़े अपने विभिन्न अनुभव साझा किए। बताया गया कि वाराणसी से प्रारंभ हुई यह सेवा यात्रा विभिन्न प्रमुख स्थानों से होकर वडनगर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान मार्ग में आने वाली प्रमुख नदियों के जल, जिसमें गंगा जल भी शामिल है, को एकत्रित किया जाएगा तथा वडनगर पहुंचकर इसी जल से भगवान हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक किया जाएगा।
इससे पूर्व यात्रा का बनखेड़ी एवं पिपरिया तथा सोहागपुर नगरों में भव्य स्वागत हुआ। सेवा यात्रियों द्वारा शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया गया साथ ही उन्होंने स्वच्छता दूतों का सम्मान किया तथा पिपरिया में समरसता भोज के दौरान नागरिकों के साथ संवाद भी किया।
*सेवा यात्रियों के साथ प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने सुनी ‘मन की बात’*
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निकाली जा रही सेवा यात्रा के यात्रियों के साथ प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लाइव प्रसारण कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सेवा यात्रियों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण सुना।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, विधायक सिवनी मालवा श्री प्रेमशंकर वर्मा, विधायक पिपरिया श्री ठाकुरदास नागवंशी, विधायक सोहागपुर श्री विजयपाल सिंह, श्रीमती प्रीति पवन शुक्ला, पूर्व विधायक श्रीमती सविता दीवान शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष नर्मदापुरम श्रीमती नीतू यादव, नगर परिषद माखन नगर अध्यक्ष श्रीमती रीना आकाश तिवारी, पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस. थोटा, जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
*‘मन की बात’ में आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ संकल्प का उल्लेख*
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धियों, जनभागीदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, युवा शक्ति, खेल प्रतिभाओं, स्थानीय उत्पादों और देश की सांस्कृतिक विरासत सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री ने आगामी 28-29 सितंबर को वर्ष 2016 में भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के विरुद्ध कार्रवाई कर आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में बालाकोट एयर स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने आतंकवाद के विरुद्ध अपनी नीति और प्रतिबद्धता स्पष्ट की है। आज भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ आगे बढ़ रहा है।
*जनगणना में 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी हुई दर्ज*
प्रधानमंत्री ने देश में चल रही जनगणना का उल्लेख करते हुए बताया कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है तथा 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है। उन्होंने उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा गांव में 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत से जनगणना की शुरुआत और उत्तरकाशी के बगोरी गांव में होमस्टे संचालक हरदेव सिंह राणा द्वारा डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज किए जाने के अनुभव भी साझा किए।
*100वीं जन्मजयंती के अवसर पर स्वर्गीय अशोक सिंहल को श्रद्धांजलि अर्पित की*
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंहल की 100वीं जन्मजयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का उल्लेख करते हुए भारत की सांस्कृतिक विरासत और आस्था की शक्ति पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर आज भी पूरी भव्यता के साथ समुद्र तट पर भारत की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक बना हुआ है।
*सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर मोढेरा की सराहना*
प्रधानमंत्री ने गुजरात के मोढेरा गांव का उल्लेख करते हुए बताया कि देश का पहला सौर ग्राम बनने के बाद मोढेरा पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित होने वाला उदाहरण बना है।उन्होंने इसे सतत विकास और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
*स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का आह्वान*
आगामी 2 अक्टूबर गांधी जयंती का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन के महत्वपूर्ण मंत्रों में शामिल किया था। उन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए किए जा रहे जनभागीदारी आधारित प्रयासों की सराहना की। पर्यावरण संरक्षण पर प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरी जीवन-व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने पिग्मी हॉग के संरक्षण कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि निरंतर प्रयासों के बाद इन्हें फिर से जंगलों में बसाया गया है और इनके प्राकृतिक आवास के लिए घासभूमियों को भी विकसित किया जा रहा है। संरक्षण कार्यक्रम के चलते पिग्मी हॉग की संख्या 190 से अधिक हो गई है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के सुंदरबन क्षेत्र में झारखाली की महिलाओं द्वारा मैंग्रोव वन तैयार किए जाने के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
*युवाओं, खेल प्रतिभाओं और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर व्यक्त किए अपने विचार*
प्रधानमंत्री ने 100 सप्ताह तक चलने वाले ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ को देश के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने ओलंपिक हॉकी स्वर्ण पदक विजेता राजिंदर सिंह द्वारा ऐसे गांवों में खेल प्रतिभाओं की पहचान करने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की, जहां प्रशिक्षण की सुविधाएं सीमित हैं। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘एक जिला, एक उत्पाद’ जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए स्थानीय उत्पादों और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
*भारत की सांस्कृतिक परंपराओं की वैश्विक लोकप्रियता का उल्लेख*
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गणेश उत्सव का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान श्री गणेश की उपासना विभिन्न देशों में अलग-अलग नामों और परंपराओं के साथ की जाती है। उन्होंने कहा कि भारत की आस्था, कला और सांस्कृतिक परंपराएं देश की सीमाओं से आगे भी लोगों को जोड़ रही हैं और विभिन्न देशों में लोकप्रिय हो रही हैं।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP