➡️ जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का आयोजन रविन्द्र भवन हॉल में हुआ संपन्न
भारत सरकार एवं संचालनालय खेल और युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार खेल और युवा कल्याण विभाग सागर के तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का आयोजन 31 अक्टूबर 2026 को रविन्द्र भवन हॉल सागर में किया गया। इसमें समूह लोक गायन, समूह लोकनृत्य, कविता लेखन, पेंटिंग एवं नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम सागर की महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी एवं श्री निकेश गुप्ता की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्री विनू राणा, आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज सागर की प्राचार्य श्रीमती सरोज गुप्ता एवं समस्त निर्णायकों की उपस्थिति में मां सरस्वती का पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
तत्पश्चात संभागीय खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर द्वारा मुख्य अतिथि, समस्त अतिथियों एवं निर्णायकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद जिला स्तरीय युवा उत्सव के आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। श्री निकेश गुप्ता ने अपने उद्बोधन में प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। तत्पश्चात श्री रिशांक तिवारी ने युवाओं में जोश भरते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने नशामुक्त भारत और श्रेष्ठ भारत की अवधारणा की जानकारी देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी।
इसके पश्चात समूह लोक गायन, समूह लोकनृत्य, कविता, कहानी, पेंटिंग एवं नुक्कड़ नाटक विधाओं में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 'नशामुक्त युवा, विकसित भारत' थीम पर प्रतियोगिताएं प्रारंभ हुईं।
कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन उपस्थित हुए। संभागीय खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी द्वारा विधायक महोदय का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। विधायक महोदय ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के परिणाम
1. पेंटिंग: प्रथम- प्रखर आदित्य यादव, द्वितीय- रिया ठाकुर तथा तृतीय- प्रियांश सोनी।
2. कविता लेखन: प्रथम- श्री जयदीप घावरिया, द्वितीय- श्री हरिकांत साहू तथा तृतीय- श्री विशाल केवट।
3. नुक्कड़ नाटक: प्रथम- पॉलिटेक्निक कॉलेज सागर, द्वितीय- नवरंग थिएटर सागर तथा तृतीय- आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज सागर।
4. समूह लोकगीत: प्रथम- श्री अनिकेत यादव दल, विकासखंड रहली, द्वितीय- कु. तृप्ति सेन, विकासखंड सागर तथा तृतीय- श्री नरज सेन, विकासखंड सागर।
5. समूह लोकनृत्य: प्रथम- पलक रैकवार ग्रुप, द्वितीय- बरारू ग्रुप सागर तथा तृतीय- पॉलिटेक्निक कॉलेज सागर।
सभी विजेता दलों एवं प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी वितरित की गईं। मंच पर उपस्थित अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में कला जगत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अतिथियों को भी सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में पेंटिंग विधा में श्री असरार अहमद, श्रीमती अंशिता बजाज एवं श्री मेघा शर्मा, कविता लेखन में श्री टीकाराम त्रिपाठी, श्री नलिन जैन एवं डॉ. अवधेश प्रताप सिंह, समूह लोकनृत्य में श्रीमती प्रियंका वर्मा, श्री संजय जड़िया एवं श्री आशीष खटीक, नुक्कड़ नाटक में श्री रविंद्र दुबे (कक्का जी), श्री अतुल श्रीवास्तव एवं श्री मनोज सोनी तथा समूह लोकगीत में श्री देवकीनंदन शकवार, श्री जयंत विश्वकर्मा एवं श्री कपिल चौरसिया उपस्थित रहे।
आयोजन के पश्चात खेल एवं युवा कल्याण विभाग सागर द्वारा समस्त निर्णायकों का अभिनंदन करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन आकाशवाणी के श्री सतीश साहू द्वारा किया गया।
जिला स्तर पर विजेता दलों एवं एकल विधाओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी दिनांक 4 नवंबर 2026 को रविन्द्र भवन सागर में प्रातः 9:30 बजे से आयोजित संभाग स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे।
#jansamparkMP #sagar