#बालाघाट
समान नागरिक संहिता की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नरों और कलेक्टरों की समीक्षा बैठक
ज्ञान भारतम् मिशन एवं जल गंगा संवर्धन अभियान पर भी हुई चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार 13 जून को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी संभागायुक्तों एवं कलेक्टरों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि नागरिक इसके प्रावधानों और महत्व के प्रति जागरूक हो सकें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समान नागरिक संहिता से संबंधित जानकारी के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला स्तर पर विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए।
बैठक में ज्ञान भारतम् मिशन की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा ज्ञान भारतम् एप विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से कोई भी नागरिक अपने पास उपलब्ध पुरानी साहित्यिक, ऐतिहासिक अथवा धार्मिक पांडुलिपियों की जानकारी अपलोड कर सकता है। उन्होंने अधिकारियों से इस मिशन के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि देश की अमूल्य ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
समीक्षा बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करते हुए 30 जून तक अभियान के लक्ष्यों को हासिल किया जाए। उन्होंने जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के पुनर्जीवन को प्रदेश की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर दिया।
बैठक में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बालाघाट जिला मुख्यालय में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्री मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे एवं डीपी बर्मन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न योजनाओं और अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MinOfCultureGoI