छापरी टोल पर चिकित्सा कैंप आयोजित, 110 ड्राइवरों की हुई स्वास्थ्य व आंखों की जांच
डीडवाना-कुचामन, 19 अगस्त।चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को 'सेफ आई, सेफ हाईवे' अभियान के तहत छापरी टोल प्लाजा पर एक विशेष स्वास्थ्य और नेत्र जांच कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में मुख्य रूप से वाहन चालकों के स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जांचें की गईं।
कैंप के दौरान चिकित्सा विभाग के कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर और नेत्र सहायक ने सेवाएं दीं। टीम द्वारा कुल 110 ड्राइवरों की आंखों की गहनता से जांच की गई। इसके साथ ही शिविर में आए ड्राइवरों की शारीरिक स्वास्थ्य जांच के अंतर्गत उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) और मधुमेह (शुगर) की भी जांच की गई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार मरीजों को मौके पर ही निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सा अधिकारियों ने ड्राइवरों को सुरक्षित सफर के लिए नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य और आंखों की जांच करवाने की सलाह दी।
इस दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा टोल प्लाजा के अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।
------------------------------