हरदोई: नककौरा खाद बिक्री केंद्र पर किसानों को खाद न मिलने का आरोप, कालाबाजारी और अभद्रता की शिकायतों से सहकारिता विभाग पर उठे सवाल
हरदोई जिले में खाद की किल्लत के बीच किसानों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। लोनार कोतवाली क्षेत्र के नककौरा स्थित उर्वरक बिक्री केंद्र पर किसानों को खाद न मिलने और कालाबाजारी किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। किसानों का कहना है कि खाद के लिए उन्हें केंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे फसलों की बुआई प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
किसानों ने केंद्र पर तैनात कर्मचारियों पर खाद उपलब्ध नहीं कराने और किसानों के साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खाद के लिए उन्हें काफी समय से परेशानी उठानी पड़ रही है और शिकायतों के बावजूद संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
किसानों का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद खाद वितरण व्यवस्था में कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। खाद की उपलब्धता और वितरण को लेकर सहकारिता विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। किसानों ने मांग की है कि केंद्र पर खाद वितरण व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और पात्र किसानों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए।
इस संबंध में जब सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक अभय नारायण सिंह से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कैमरे पर बयान देने से इंकार कर दिया। फिलहाल किसानों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर खाद वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने की पुरजोर मांग की है।
Hardoi, Hardoi | Nov 3, 2026