बेस अस्पताल श्रीनगर में दो जटिल सर्जरी सफल, मरीजों को मिली फिर चलने की उम्मीद
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल श्रीनगर के हड्डी रोग विभाग ने जटिल ऑर्थोपेडिक सर्जरी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। चिकित्सकों ने रुद्रप्रयाग की 62 वर्षीय महिला के दोनों घुटनों और टिहरी के 31 वर्षीय युवक के दोनों कूल्हों का सफल प्रत्यारोपण किया। दोनों मरीजों को आयुष्मान योजना के तहत निःशुल्क उपचार मिला।
रुद्रप्रयाग निवासी दीपा देवी के दोनों घुटने आर्थराइटिस के कारण गंभीर रूप से खराब हो गए थे। चलने-फिरने में परेशानी के चलते चिकित्सकों ने दोनों घुटनों के प्रत्यारोपण का निर्णय लिया। वहीं टिहरी निवासी सचिन सोरायसिस से पीड़ित था, जिसके चलते उसके दोनों कूल्हे गंभीर रूप से प्रभावित हो गए थे। विशेषज्ञ टीम ने दोनों कूल्हों का सफल प्रत्यारोपण किया।
ऑपरेशन के बाद दोनों मरीजों को वॉकर के सहारे चलाया गया और स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सर्जरी में हड्डी रोग विभाग के एचओडी डॉ. दयाकृष्ण टम्टा के नेतृत्व में डॉ. मिलिंद, डॉ. सार्थक, डॉ. रवि, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. मोहित कुमार सहित नर्सिंग स्टाफ राहुल और सुरेंद्र जोशी ने योगदान दिया।
बेस अस्पताल में ऐसी जटिल सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होने से गढ़वाल के दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को बड़े शहरों की दौड़ से राहत मिल रही है।