BMP-8 के जवान अमित कुमार की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर, परिजनों में मचा कोहराम
नमस्कार, दीपक कुमार के साथ आप देख रहे हैं Face of Bihar।
बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां BMP-8 में कार्यरत एक सिपाही की अचानक मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं सहकर्मियों और पुलिस अधिकारियों में भी मातम पसरा हुआ है।
मृतक सिपाही की पहचान करीब 43 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है। अमित कुमार शेखपुरा जिले के हथियामा थाना क्षेत्र के गब्बे गांव निवासी स्वर्गीय रामचन्द्र सिंह के पुत्र थे और वर्ष 2006 बैच के सिपाही बताए जा रहे हैं। वर्तमान में वह BMP-8 में कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि अमित कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात को मौत की वजह बताया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि इससे पहले बंगाल चुनाव ड्यूटी के दौरान भी अमित कुमार को हृदयाघात की समस्या हुई थी। इलाज के बाद वह स्वस्थ हो गए थे। आशंका जताई जा रही है कि इस बार दोबारा हृदयाघात आने से उनकी मौत हुई।
वहीं, मृतक के बड़े भाई और सेवानिवृत्त फौजी बबलू सिंह ने बताया कि बीती शाम ही दोनों भाइयों की मुलाकात हुई थी। अमित ने उन्हें प्रसाद भी दिया था। लेकिन अगले ही दिन भाई की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
अमित कुमार की मौत की सूचना मिलते ही BMP-8 परिसर में सहकर्मियों और पुलिस अधिकारियों की भीड़ जमा हो गई। सभी के चेहरे पर मायूसी और हैरानी साफ दिखाई दे रही थी। बताया जाता है कि अमित कुमार व्यवहार कुशल और मिलनसार स्वभाव के जवान थे, जिसके कारण सहकर्मियों के बीच उनकी अलग पहचान थी।
इधर, सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जवान की अचानक मौत से जहां पुलिस महकमे में शोक की लहर है, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की आवश्यक जांच-पड़ताल में जुटी है।
Bihar, India | Sep 1, 2026