माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार दीपावली के पावन अवसर पर राज्य के सभी जिलों में महादलित बस्तियों में स्थानीय परिवारों के साथ दीपावली मनाने की पहल की गई। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार सीतामढ़ी जिले के सभी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की महादलित बस्तियों में पहुंचकर स्थानीय परिवारों के साथ दीपावली का त्यौहार मनाया तथा खुशियां साझा की। इस पहल का उद्देश्य समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के बीच आत्मीयता, सामाजिक समरसता और सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करना तथा यह संदेश देना है कि पर्व त्यौहार की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ मिलकर मनाई जानी चाहिए। इस दौरान पदाधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से संवाद किया तथा सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उन्हें मिल रहे लाभों की जानकारी ली। साथ ही योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र परिवारों को संबंधित विभागों के माध्यम से लाभान्वित कराने एवं उनकी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन की यह पहल सामाजिक एकजुटता, संवेदनशीलता और समावेशी विकास के साथ समाज के हर वर्ग को जोड़ने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जिला प्रशासन सीतामढ़ी। धन्यवाद।