03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नामांकन पत्रों की संवीक्षा संपन्न
सभी 19 नामांकन पत्र वैध पाए गए
छपरा, 07 अक्टूबर 2026। बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के तहत आज दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई। संवीक्षा के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक श्री दीपक आनंद( वर्ष 2007 के वरीय IAS अधिकारी ) उपस्थित रहे। निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त, सारण प्रमंडल श्री मनीष कुमार, छपरा,सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह आयुक्त के सचिव श्री प्रमोद कुमार पांडे सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
संवीक्षा के उपरांत बताया गया कि दिनांक 29 सितंबर से 06 अक्टूबर 2026 तक दाखिल किए गए कुल 19 नामांकन पत्रों की जांच में सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं।
विधि मान्य अभ्यर्थियों की सूची फोटो सहित एवं फोटो रहित का प्रकाशन आज कर दिया गया है। अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे प्रकाशित सूची में अपने नाम एवं फोटो का अवलोकन कर लें। यदि नाम अथवा फोटो में किसी प्रकार की त्रुटि परिलक्षित होती है तो निर्धारित समयावधि में आवश्यक संशोधन कराया जा सकता है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 09 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के पश्चात् उसी दिन निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। इसी अंतिम सूची के आधार पर मतपत्रों का मुद्रण कराया जाएगा।
03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को 98 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। इस निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण एवं पश्चिमी चंपारण जिले शामिल हैं।
Saharsa, Bihar | Oct 7, 2026