बांका समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में CWJC, MJC, नीलाम पत्रवाद, सेवा संवाद, मानवाधिकार, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे, भू-समाधान पोर्टल सहित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं एवं लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। गत सप्ताह की तुलना में वर्तमान सप्ताह की प्रगति का आकलन करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
फार्मर रजिस्ट्री के रजिस्ट्रेशन की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्य की प्रगति को असंतोषजनक बताया। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रतिदिन 400 फार्मर रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करें और उसका धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। साथ ही, प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
‘सहयोग शिविर’ की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि विगत सप्ताह 99 नए परिवाद प्राप्त हुए, जबकि पूर्व के 234 मामलों की उच्च स्तरीय समिति द्वारा समीक्षा करते हुए अनुपालन प्रतिवेदन दर्ज किया गया है। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त परिवादों का संवेदनशीलता के साथ नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि विशेष अभियान के तहत वर्तमान सप्ताह में 87 विशिष्ट दिव्यांगता पहचान-पत्र (UDID) निर्गत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 1822 पेंशनधारियों का भौतिक/डिजिटल जीवन प्रमाणीकरण का कार्य पूर्ण कराया गया है। जिला पदाधिकारी ने पात्र लाभुकों को योजनाओं का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अपेक्षा के अनुरूप प्रगति नहीं पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को योजना की गहन समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार पदाधिकारी/कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अवैध खनन के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विगत सप्ताह कुल 7.45 लाख रुपये की वसूली की गई। वहीं वाहन ओवरलोडिंग के मामलों में शमन एवं दंड अधिरोपण की कार्रवाई करते हुए विगत सप्ताह कुल 27.11 लाख रुपये की वसूली की गई। जिला पदाधिकारी ने अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध लगातार छापामारी अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने राजस्व वसूली में भी तेजी लाने को कहा।
एनीमिया मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 57,920 के लक्ष्य के विरुद्ध 74,555 की उपलब्धि दर्ज की गई है। जिला पदाधिकारी ने अभियान के तहत लक्षित लाभुकों तक आवश्यक सेवाओं एवं दवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा अभियान की प्रभावी निगरानी का निर्देश दिया।
जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र की समीक्षा में बताया गया कि विगत सप्ताह कुल 3302 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3239 आवेदनों का निष्पादन किया गया। वहीं संत रविदास विकास शिविर के अंतर्गत कुल 2425 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1848 आवेदनों का निष्पादन किया गया है। जिला पदाधिकारी ने शेष लंबित आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिले में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों के विरुद्ध की जा रही छापेमारी की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में जहां भी अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित पाए जाएं, वहां नियमानुसार कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों के विरुद्ध छापेमारी की कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रखें तथा दोषी पाए जाने वाले संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
नीलाम पत्रवाद के लंबित मामलों की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित वादों के त्वरित निष्पादन हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने नीलाम पत्रवाद से संबंधित रजिस्टरों का नियमित रूप से मिलान एवं अद्यतन करने तथा लंबित मामलों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा करते हुए वसूली एवं निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बैंक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि विगत सप्ताह कुल 1816 नीलाम पत्रवादों का निष्पादन किया गया है। जिला पदाधिकारी ने शेष लंबित मामलों के निष्पादन के लिए विभागवार एवं स्तरवार कार्ययोजना तैयार कर नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Banka, Bihar | Sep 14, 2026