रसोइयों का मानदेय बढ़कर हुआ तीन हजार, पांच लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
हरदोई। गांधी भवन सभागार में रविवार को जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री नितिन अग्रवाल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्राथमिक विद्यालय ककराली खेड़ा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विद्यालयों में बच्चों के लिए पौष्टिक आहार तैयार करने और उनकी देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रसोइयों का मानदेय दो हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया है। साथ ही रसोइयों एवं उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा वाला कैशलेस चिकित्सा कार्ड दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से रसोइयों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी खर्चों से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मंत्री एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभिन्न क्षेत्रों की रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय की चेक तथा कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। नगर क्षेत्र की रसोइयां किरन गौड़, गुड्डी, सुमन मिश्रा और रामदुलारी, बावन की राधा, बीना, कमला व नन्ही तथा टड़ियावां की ऊषा देवी और रमाकांती को बढ़े मानदेय की चेक प्रदान की गईं।
वहीं नगर क्षेत्र की नन्ही देवी, धीरा सिंह, मधु व साधना देवी, टड़ियावां के रामकुमार गौतम, सुरसा की जयश्री व चम्पा, अहिरोरी की छुटुकुन्ना व राधिका तथा हरियावां की रामवती को कैशलेस चिकित्सा कार्ड दिए गए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, पीडी, जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में रसोइयां मौजूद रहीं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
Bilgram, Hardoi | Aug 23, 2026