अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर बेनीगंज क्षेत्र में योगमय हुआ वातावरण
.
#हरदोई: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर कोथावां स्थित आदर्श सरस्वती अरुणा विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विद्यालय प्रांगण में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
योग प्रशिक्षण का संचालन प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक महेंद्र प्रताप सिंह रानू द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं नियमित योगाभ्यास के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का माध्यम है।
इस अवसर पर कस्बे के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें शिवांशु पाण्डेय राजा, हिमांशु जी, हरिनिवास जी, आदर्श त्रिवेदी जी, दिनेश जी एवं अंश जी प्रमुख रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से विद्यालय प्रबंधक अवनीश मिश्र एवं प्रधानाचार्य मनीष मिश्रा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसी श्रृंखला के अंतर्गत कोतवाली बेनीगंज में भी योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें दर्जनों पुलिसकर्मियों को योग के गुण एवं मानसिक तनाव से मुक्ति में योग की भूमिका के बारे में बताया गया। पुलिसकर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
वहीं नगर पंचायत बेनीगंज के पानी टंकी प्रांगण में आयोजित योग कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष पुत्र प्रतिनिधि रूपेश अंजाना एवं सभासदों ने भाग लेकर योग सीखा तथा लोगों को दैनिक जीवन में योग अपनाने का संदेश दिया।
पूरा क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगमय वातावरण में सराबोर दिखाई दिया। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिली।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Jun 21, 2026