➡️ बीना में संदिग्ध डीएपी खाद की शिकायत पर कार्रवाई, प्रयोगशाला में भेजने हेतु लिए गए नमूने
किसानों से प्राप्त सूचना एवं शिकायतों के आधार पर राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम पड़रिया एवं ग्राम कुरुवा में संदिग्ध डीएपी खाद की बोरी मिलने पर कार्रवाई की। टीम ने संबंधित स्थानों से खाद के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे तथा पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण पुलिस को भेजा।
प्राप्त शिकायत के अनुसार के ग्राम पड़रिया निवासी सुरेंद्र सिंह ठाकुर के निवास पर नकली डीएपी खाद होने की सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बोरियों की जांच की। प्रारंभिक जांच में खाद संदिग्ध पाई गई। इसके बाद डीएपी खाद के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए।
इसी प्रकार, ग्राम कुरुवा निवासी रोहित राय से डीएपी खाद खरीदने वाले कृषक श्री बालमुकुंद दुबे निवासी ग्राम हिरनछिपा एवं कुछ अन्य किसानों ने कृषि विभाग में लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायतकर्ता किसानों ने खरीदी गई डीएपी खाद के नकली होने की आशंका जताई थी। शिकायत के आधार पर संयुक्त टीम ने पहुंचकर खाद के नमूने एकत्रित किए। प्रारंभिक जांच में खाद संदिग्ध प्रतीत हुई।मामले में पंचनामा तैयार कर किसानों के बयान दर्ज किए गए तथा नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए। आगे की वैधानिक कार्रवाई एवं प्राथमिकी दर्ज करने के लिए प्रकरण पुलिस को भेजा गया है।उक्त दोनों स्थानों पर पाई गई डीएपी के स्रोत के बारे में गहन पूछताछ की गई।
इस कार्रवाई में राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार हेमराज मेहर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अवधेश राय, कृषि विस्तार अधिकारी प्रताप बागरी, उर्वरक निरीक्षक दीपेश मोगे तथा ग्राम पड़रिया के कोटवार सहित राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि खाद खरीदते समय उसकी पैकिंग, गुणवत्ता एवं बिल की जांच अवश्य करें। नकली खाद की आशंका होने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि किसानों के हितों की रक्षा की जा सके।
#jansamparkMP #sagar