Digital Arrest, UPI और ATM क्लोनिंग... साइबर ठगों के जाल से बचने CISF को मिली खास ट्रेनिंग
#bokaro #CyberCrime #CyberAwareness #BokaroPolice #CyberPolice
Bokaro: पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर साइबर थाना बोकारो की ओर से सोमवार, 24 अगस्त 2026 को नया मोड़ स्थित सीआईएसएफ यूनिट कैंप के ज्ञानेंद्र हॉल में साइबर जागरुकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों और जवानों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी देना था।
## सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल के बताए टिप्स
जागरुकता कार्यक्रम के दौरान बोकारो साइबर पुलिस के अधिकारियों ने सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों को इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक, फाइल, कॉल या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन भरोसा नहीं करना चाहिए।
## इन साइबर अपराधों को लेकर किया अलर्ट
साइबर पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट, APK फाइल फ्रॉड, लोन फ्रॉड, मोबाइल चोरी के बाद UPI फ्रॉड, ATM क्लोनिंग, फेसबुक-इंस्टाग्राम विज्ञापन फ्रॉड, फिशिंग और विशिंग जैसे साइबर अपराधों की जानकारी दी।
इसके अलावा व्हाट्सऐप वीडियो कॉलिंग के जरिए ब्लैकमेलिंग, कॉल फॉरवर्डिंग फ्रॉड, त्योहारी सीजन के नाम पर फर्जी विज्ञापन, शेयर ट्रेडिंग, फॉरेक्स ट्रेडिंग और क्रिप्टोकरेंसी फ्रॉड से भी सावधान रहने को कहा गया।
## AI से बने अश्लील कंटेंट के नाम पर ब्लैकमेलिंग से सावधान
कार्यक्रम में सोशल मीडिया पर AI तकनीक का इस्तेमाल कर फर्जी अश्लील फोटो या वीडियो तैयार कर ब्लैकमेल करने वाले साइबर अपराधों के प्रति भी विशेष रूप से सचेत किया गया। पुलिस ने सलाह दी कि ऐसी किसी घटना में घबराने या ठग की मांग पूरी करने के बजाय तत्काल पुलिस और साइबर अपराध हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए।
## OLX और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी सतर्कता जरूरी
साइबर पुलिस ने OLX जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खरीद-बिक्री के दौरान होने वाली ठगी से बचने के उपाय भी बताए। अधिकारियों ने अनजान व्यक्ति को एडवांस भुगतान करने, संदिग्ध QR कोड स्कैन करने या किसी के कहने पर बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से बचने की अपील की।
## फ्रॉड होते ही 1930 पर करें शिकायत
कार्यक्रम में साइबर फ्रॉड का शिकार होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के महत्व को समझाया गया। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
साइबर पुलिस ने बताया कि ठगी के तुरंत बाद शिकायत करना बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने और उसे फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है। अधिकारियों ने सभी जवानों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करने की अपील की।
Chas, Bokaro | Aug 25, 2026