प्रेस विज्ञप्ति-3
स्थान- नालन्दा
दिनांक : 07 अगस्त 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
*क्यूआर कोड, कैंपस एंबेसडर और यूथ क्लब के माध्यम से युवाओं को जोड़ेगा माई भारत अभियान*
• 15–20 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश।
• सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा।
• प्रत्येक राजस्व ग्राम में यूथ क्लब गठित/सक्रिय कर स्थानीय युवाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों को माई भारत से जोड़ा जाएगा।
• क्यूआर कोड, पोस्टर, कैंपस एंबेसडर एवं नोडल अधिकारियों के माध्यम से विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित होगा।
• 15 अगस्त के अवसर पर सर्वाधिक पंजीकरण कराने वाले महाविद्यालयों को संख्या एवं प्रतिशत के आधार पर सम्मानित किया जाएगा।
*बिहारशरीफ (नालंदा):* आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में माई भारत (MY Bharat) पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन, युवाओं के व्यापक पंजीकरण तथा अंतरविभागीय समन्वय को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों एवं शिक्षा संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पदाधिकारी, नालन्दा श्रीमती उदिता सिंह ने कहा कि माई भारत एक ऐसा मंच है, जिसके माध्यम से जिले के युवा स्वयंसेवा, कौशल विकास, नेतृत्व विकास तथा विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जुड़ सकते हैं।
उन्होंने निर्देश दिया कि 15 से 20 वर्ष आयु वर्ग के अधिकाधिक युवाओं को माई भारत पोर्टल के प्रति जागरूक करते हुए उनका पंजीकरण कराया जाए।
जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी सरकारी एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जाए। सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित कि की वे विद्यार्थियों को माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करें तथा नियमित रूप से इसकी मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी राजस्व ग्रामों में युवा क्लबों का गठन एवं सुदृढ़ीकरण किया जाए। इन युवा क्लबों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखिया, पंचायत सचिव, वार्ड पार्षद, आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदियों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों तथा स्थानीय युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि गांव स्तर पर युवाओं को माई भारत पोर्टल से जोड़ा जा सके।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी शिक्षण संस्थानों में क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण अभियान चलाया जाए। क्यूआर कोड को कक्षाओं, पुस्तकालय, कैंटीन, प्रवेश एवं निकास द्वार सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किया जाए। इसके अतिरिक्त शहर के पार्कों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य स्थानों पर पोस्टर एवं जनजागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को पोर्टल से जोड़ने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने "माई भारत पोर्टल एनरोलमेंट ड्राइव" चलाने पर भी बल देते हुए कहा कि जिला स्तर पर सुनियोजित अभियान के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में प्रत्येक शिक्षण संस्थान में नोडल अधिकारी एवं कैंपस एम्बेसडर नामित करने का निर्णय लिया गया। जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी संस्थानों में नोडल अधिकारी एवं कैंपस एम्बेसडर की नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि 15 अगस्त के अवसर पर माई भारत पोर्टल पर सर्वाधिक पंजीकरण कराने वाले महाविद्यालयों को संख्या एवं प्रतिशत दोनों आधारों पर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान की शुरुआत उन महाविद्यालयों से की जाए जहां विद्यार्थियों की संख्या अधिक है तथा चरणबद्ध तरीके से अन्य संस्थानों में भी अभियान संचालित किया जाए।
बैठक में माई भारत पोर्टल के माध्यम से जिले के युवाओं को राष्ट्र निर्माण, स्वयंसेवा, कौशल विकास एवं नेतृत्व विकास की गतिविधियों से जोड़ने हेतु सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Nalanda, Bihar | Aug 7, 2026