सम्मानजनक माहौल में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं, 306 आवेदकों की जनसुनवाई
मुरैना। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने आमजन की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने आवेदकों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिलेभर से 306 आवेदक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें से 46 प्रकरण टीएल में दर्ज किए गए, जिनकी समीक्षा साप्ताहिक टीएल बैठक में की जाएगी।
जनसुनवाई में राजस्व, आवास, पेंशन, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सार्वजनिक वितरण प्रणाली समेत विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र प्रकरणों का प्राथमिकता से परीक्षण कर जल्द निराकरण किया जाए और आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी भी समय पर दी जाए।
कलेक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न हो, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्वनी कुमार रावत, संयुक्त कलेक्टर आर.के. सिन्हा, एसडीएम मुरैना रामनिवास सिकरवार सहित जिला अधिकारी और तहसीलदार मौजूद रहे।
#मुरैना #morena