#ब्रेकिंग #न्यूज़ #बिजावर
27 लाख की गौशाला बदहाल, सड़क पर घूम रहीं गायें: ग्राम पंचायत धर्मपुर में 2020 में हुआ था निर्माण, ग्रामीण बच्चों ने जल्द शुरू कराने की उठाई मांग
बिजावर। बिजावर जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत धर्मपुर में करीब 27 लाख रुपए की लागत से निर्मित गौशाला वर्तमान में बदहाल स्थिति में नजर आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद गौशाला का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते सड़कों पर आवारा मवेशियों की संख्या बढ़ रही है।
ग्राम पंचायत धर्मपुर के युवा और बच्चों ने सरकार एवं प्रशासन से मांग की है कि गौशाला की जल्द मरम्मत कराकर इसे चालू कराया जाए। उनका कहना है कि यदि गौशाला में गायों के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध हो जाए तो सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को सुरक्षित स्थान मिल सकेगा।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर बैठे और घूमते मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इससे न केवल गायों की जान जोखिम में रहती है, बल्कि वाहन चालकों और राहगीरों के साथ भी हादसे की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वर्ष 2020 में करीब 27 लाख रुपए की लागत से गौशाला का निर्माण कराया गया था, तो कुछ वर्षों में ही इसकी स्थिति खराब क्यों हो गई? निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
अब ग्रामीणों ने प्रशासन से गौशाला की स्थिति की जांच कराने, आवश्यक मरम्मत कराने और जल्द से जल्द इसे शुरू कराकर गायों को यहां रखने की व्यवस्था करने की मांग की है।