प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
04 नवंबर 2026
शीर्षक: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उप विकास आयुक्त ने की समीक्षा बैठक, अधिकाधिक परिवारों को लाभान्वित करने पर जोर।
जमुई: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले में इसकी प्रगति को गति देने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त, जमुई श्रीमती शिप्रा विजय कुमार चौधरी, (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जमुई, कार्यपालक अभियंता, विद्युत तथा सभी विद्युत अवर प्रमंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि यह योजना आम परिवारों को बिजली के खर्च से राहत देने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केवल विभागीय प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए लोगों को इसके लाभों एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्यों, प्रखंड प्रमुख एवं उप प्रमुख सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनसे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने एवं योजना से जोड़ने का अनुरोध किया जाए। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर कार्यरत सरकारी कर्मियों को भी योजना के प्रति प्रेरित किया जाए, ताकि वे स्वयं इसका लाभ लेने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकें।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। इसका उद्देश्य घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर परिवारों को बिजली के खर्च से राहत देना है। योजना के तहत पात्र घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को सोलर प्लांट की क्षमता के अनुसार केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनुदान दिया जाता है।
निर्धारित प्रावधान के अनुसार, 1 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर केंद्र सरकार द्वारा ₹30,000 तथा राज्य सरकार द्वारा ₹10,000, 2 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर केंद्र सरकार द्वारा ₹60,000 तथा राज्य सरकार द्वारा ₹20,000 और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर प्लांट पर केंद्र सरकार द्वारा अधिकतम ₹78,000 तथा राज्य सरकार द्वारा ₹20,000 तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है। सोलर प्लांट स्थापित होने के 15 दिनों के अंदर सब्सिडी की राशि लाभुक के बैंक खाते में भेजी जाती है।इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों को प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने में सक्षम बनाना है। इससे परिवारों के बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत होगी तथा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
जिला प्रशासन, जमुई जिले के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से अपील करता है कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी प्राप्त करें और इसका लाभ उठाने के लिए आगे आएं। जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सरकारी कर्मियों से भी अनुरोध है कि वे अपने आसपास के लोगों को योजना के प्रति जागरूक करें तथा अधिकाधिक परिवारों को इससे जोड़ने में सहयोग करें।
Jamui, Bihar | Nov 4, 2026