अयोध्या नगरी चौक सीसी सड़क निर्माण की रफ्तार तेज
विधायक कोठारी के निर्देश पर जल्दी पूर्ण होगा निर्माण कार्य
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल, 11 जुलाई भीमगंज थाना से हिंदू महासभा कार्यालय, अयोध्या नगरी चौक तक निर्माणाधीन सीसी सड़क का कार्य अब तेजी से प्रगति पर है। क्षेत्र में लंबे समय से सड़क निर्माण में हुई देरी को लेकर कार्य लंबित था।
जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण में हुई देरी का मुख्य कारण जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की ट्यूबवेल पाइपलाइन का क्षतिग्रस्त होना रहा। पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर नई पाइपलाइन बिछाकर जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु किया। इस आवश्यक कार्य के पूर्ण होने के बाद अब सीसी सड़क निर्माण तेजी से किया जा रहा है।
अयोध्या नगरी चौक स्थित हिंदू महासभा कार्यालय के सामने का सीसी सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। संबंधित अधिकारियों के अनुसार आगामी एक सप्ताह में संपूर्ण मार्ग का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण भी कराया जाएगा।
स्थानीय विधायक अशोक कुमार कोठारी ने निर्देश दिए हैं कि मार्ग की पूरी चौड़ाई का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। दुकानों के सामने आवश्यक सीढ़ियों का निर्माण होने के बाद शेष नालियों पर मजबूत फेश कवर लगाए जाएंगे, ताकि मार्ग सुरक्षित, व्यवस्थित एवं आकर्षक मॉडल रोड के रूप में विकसित हो सके।
संपूर्ण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग विधायक टीम के सदस्य संजय राठी, एडवोकेट अर्पित कोठारी, गजेन्द्र सिंह राठौड़, सत्यनारायण गुग्गड द्वारा की जा रही है। व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा होने से आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र को स्थायी राहत मिलेगी।