राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय यमुनानगर में आयोजित किया उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम
यमुनानगर, 2 सितम्बर-जिला रोजगार अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि रोजगार निदेशालय, हरियाणा, पंचकूला के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय, यमुनानगर द्वारा उद्यमिता पखवाड़ा के अंतर्गत युवाओं एवं रोजगार चाहने वाले अभ्यर्थियों को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय यमुनानगर में उद्यमशीलता जागरूकता शिविर/सत्र का आयोजन किया ।
यह कार्यक्रम विश्व उद्यमिता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे उद्यमिता पखवाड़े के अंतर्गत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता को भी भविष्य के एक महत्वपूर्ण विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए केवल सरकारी अथवा निजी नौकरी ही रोजगार का एकमात्र विकल्प नहीं है। युवा अपनी रुचि, कौशल एवं क्षमता के अनुसार स्वयं का व्यवसाय शुरू करके न केवल अपने लिए रोजगार का अवसर पैदा कर सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि उद्यमिता युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करती है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को उद्यमिता से संबंधित विभिन्न पहलुओं, स्वरोजगार के अवसरों तथा व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। युवाओं एवं रोजगारार्थियों को अपने कौशल, रुचि एवं नवीन विचारों को व्यावसायिक गतिविधियों में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, उद्यमिता से संबंधित उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान करने का भी प्रयास किया जाएगा।
डॉ. अरुण कुमार ने युवाओं से अपील की कि वे इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें तथा नौकरी के साथ-साथ उद्यमिता एवं स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।