दशज्यूला क्षेत्र की दोनों प्रमुख सड़कों पर 27 अक्टूबर से डामरीकरण का अधिकारियों ने दिया आश्वासन, काम शुरू न होने पर 31 अक्टूबर से उग्र आंदोलन करेंगे ग्रामीण
रुद्रप्रयाग। दशज्यूला क्षेत्र की दोनों प्रमुख सड़कों पर लंबित डामरीकरण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा से मुलाकात की। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद पीएमजीएसवाई रुद्रप्रयाग ने जागतोली–कोटखाल और चोपड़ा–काण्डई मोटर मार्ग पर 27 अक्टूबर 2026 से डामरीकरण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
जयवर्धन काण्डपाल ने जिलाधिकारी को बताया कि दोनों सड़कों पर लंबे समय से काम अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। और विभाग के चक्कर काट काट कर जनता और जनप्रतिनिधि परेशान हो गए हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को तलब कर लंबित कार्यों की जानकारी ली। विभाग अधिशासी अभियंता वीरेंद्र फर्स्वाण ने बताया कि चोपड़ा–काण्डई मोटर मार्ग की 13.5 किलोमीटर स्वीकृत लंबाई में से चार किलोमीटर और जागतोली–कोटखाल मोटर मार्ग की 9.10 किलोमीटर लंबाई में से 1.50 किलोमीटर हिस्से में डामरीकरण किया जा चुका है। और शेष कार्य लम्बित है। जिसके संबंध में संबंधित ठेकेदारों को बार बार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गये हैं। वार्ता के दौरान ठेकेदार को 27 अक्टूबर से कार्य शुरू करने के निर्देश जारी किये जाने का आश्वासन विभाग द्वारा दिया गया।
वहीं, जिलाधिकारी से मुलाकात करने वालों में ग्राम प्रधान इशाला राजेन्द्र राणा, देवेंद्र बासकण्डी, कालिका काण्डपाल, बुद्धि बल्लभ थपलियाल, गजेंद्र राणा, वासुदेव राणा, मुकेश बिष्ट, विनीत बिष्ट, ललित मोहन काण्डपाल, सुदर्शन सिंह नेगी, सुदर्शन नेगी, विजय पाल कठैत, गोपाल सिंह बासकण्डी, पंकज राणा, हरि शरण पांडे और कुंवर सिंह सहित आदि ने चेतावनी दी कि यदि 30 अक्टूबर से धरातल पर डामरीकरण कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी 31 अक्टूबर से उग्र आंदोलन और आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।