60 दिवसीय मेगा ड्राइव अभियान के तहत ग्राम हातौद में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित
कैंसर हॉस्पिटल ग्वालियर की विशेषज्ञ टीम ने 65 महिलाओं और 26 पुरुषों का किया निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार चलाए जा रहे 60 दिवसीय मेगा ड्राइव जागरूकता अभियान के अंतर्गत गतदिवस चिन्हित ग्राम हातौद में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
शिविर में कैंसर हॉस्पिटल ग्वालियर से पधारे विशेषज्ञ चिकित्सकों - डॉ. कोमल जादौन, डॉ. दीपक, डॉ. संतोष कुमार एवं उनकी मेडिकल टीम द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान मुख्य रूप से महिलाओं में होने वाले ब्रेस्ट कैंसर (स्तन कैंसर) एवं सर्वाइकल कैंसर की निःशुल्क जांच की गई तथा आवश्यक सैंपल लिए गए। शिविर में लगभग 65 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही पुरुषों में मुख एवं गले के कैंसर की रोकथाम हेतु 26 पुरुषों की भी निःशुल्क जांचें की गईं।
#shivpuri