*जिला स्तरीय विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता 2026-27 का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ*
*30 से अधिक खेल विधाओं में जिले के छात्र-छात्राएं करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन*
*2500 से अधिक खिलाड़ियों का हुआ पंजीकरण, विजेता खिलाड़ी प्रमंडल स्तर पर करेंगे भागीदारी*
भागलपुर, 27 सितंबर 2026। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA), पटना एवं जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज खेल भवन-सह-व्यायामशाला, भागलपुर में जिला स्तरीय विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ जिलाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडेय द्वारा किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम के अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी शमीम अंसारी एवं विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े हुए खिलाड़ी उपस्थित थे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। जिला प्रशासन द्वारा जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। अब तक 2500 से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण हो चुका है तथा पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। प्रतियोगिता में 30 से अधिक खेल विधाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न खेल विधाओं में विजेता खिलाड़ी आगे प्रमंडल स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह प्रतियोगिता पूर्व में निर्धारित कार्यक्रम की तुलना में कुछ पहले आयोजित की जा रही है। विक्रमशिला सेतु के 30 सितंबर से बंद रहने के निर्देश को देखते हुए प्रतियोगिता की तिथि 27 से 30 सितंबर निर्धारित की गई है, ताकि नवगछिया सहित जिले के सुदूर क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता में भाग लेने में कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बच्चे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी पहल की गई है। जिला प्रशासन भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। भागलपुर में उपलब्ध बेहतर खेल आधारभूत संरचनाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने तथा बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जिले के प्रखंडों एवं गांवों में खेल मैदानों के विकास के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि मनरेगा एवं बी.बी.जी.राम योजना के अंतर्गत खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि विद्यालयों के बच्चों को इन खेल मैदानों एवं उपलब्ध खेल संसाधनों से जोड़ते हुए नियमित रूप से खेल गतिविधियां आयोजित कराई जाएं, ताकि ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
जिला स्तरीय विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 27 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
ज़िला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bhagalpur, Bihar | Sep 27, 2026