*एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के नन्हे-मुन्नों ने सीखे यातायात के नियम, पुलिस के सहयोग से चला जागरूकता अभियान*
*बस्ती, 8 अक्टूबर 2026:* सड़क सुरक्षा को लेकर एकेडमिक ग्लोबल स्कूल, बस्ती में बुधवार को एक विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे बच्चों को बचपन से ही यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से *यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी* ने बच्चों को बेहद सरल और रोचक तरीके से ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के साथ संवाद करते हुए बताया कि ट्रैफिक लाइट की तीन बत्तियों - लाल, पीली और हरी का क्या मतलब होता है।
कुलदीप त्रिपाठी जी ने बच्चों को समझाया कि सड़क पार करते समय हमेशा जेब्रा क्रॉसिंग का ही उपयोग करना चाहिए, हमेशा फुटपाथ पर चलना चाहिए और सड़क पर कभी भी दौड़ना नहीं चाहिए। उन्होंने बच्चों को एक जिम्मेदार नागरिक की तरह अपने माता-पिता को भी हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट बांधने और गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के लिए टोकने की सीख दी।
बच्चों ने बड़े ध्यान से उनकी बातें सुनीं और कई सवाल भी पूछे, जिनका कुलदीप त्रिपाठी जी ने बड़े ही स्नेह से जवाब दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने वर्दी के महत्व को भी समझा और पुलिस के कार्य को नजदीक से जाना।
स्कूल प्रशासन ने इस सहयोग के लिए *कुलदीप त्रिपाठी* और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चे न सिर्फ नियम सीखते हैं बल्कि पुलिस के प्रति उनके मन में सम्मान और विश्वास भी बढ़ता है। अगर बचपन से ही ऐसी शिक्षा दी जाए तो भविष्य में सड़क हादसों में बड़ी कमी आ सकती है। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों ने हाथ उठाकर यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 8, 2026