खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान के लिए छात्राओं को किया गया जागरूक
-----------
कलेक्टर श्री राजेश कुमार ओगरे के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन जिला मऊगंज द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय कन्या शाला माध्यमिक विद्यालय, नईगढ़ी में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को विभिन्न खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट की पहचान करने के तरीकों एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अमित कुमार तिवारी एवं प्रयोगशाला के केमिस्ट द्वारा छात्राओं को तेल, गुड़, शक्कर, हल्दी, जीरा, मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, खोवा, पनीर, देसी घी एवं मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान सरसों के तेल में अन्य तेलों की मिलावट, घी में मिलावटी तेल, मसालों में ईंट के चूरे एवं लकड़ी के बुरादे की मिलावट तथा खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंग एवं सुगंध के उपयोग की पहचान के आसान घरेलू उपाय बताए गए। छात्राओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पैकेट पर अंकित जानकारी, पैकेजिंग, लेबलिंग एवं अन्य आवश्यक विवरणों की जांच करने के संबंध में भी जागरूक किया गया। प्रशिक्षण के उपरांत छात्राओं से खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं उसकी पहचान से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी समझ का आकलन किया गया। छात्राओं ने प्रश्नों के सही उत्तर देकर प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता की। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता के प्रति जागरूक करना तथा मिलावट के प्रति सजग उपभोक्ता के रूप में तैयार करना है।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Food, Civil Supplies & Protection - Madhya Pradesh
#Mauganj
Rewa, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026