पीएमश्री राबाउमावि, बापू नगर, भीलवाड़ा में 70वीं जिला स्तरीय अंडर- 17 एवं अंडर- 19 नेटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल
शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 70वीं जिला स्तरीय अंडर- 17 एवं अंडर- 19 छात्र-छात्रा नेटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ आज पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बापू नगर भीलवाड़ा में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार गग्गड़ एवं विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र सुथार रहे। इस अवसर पर विभागीय प्रतिनिधि भैरूलाल जाट, तकनीकी सलाहकार रघुवीर कुमावत एवं पूनम जीनगर भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं आयोजन सचिव का दायित्व प्रधानाचार्य सुनीता नानकानी ने निभाया।
*प्रतियोगिता में 42 टीमों की भागीदारी:*
आयोजन सचिव श्रीमती नानकानी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 42 टीमों के 450 से अधिक विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। बाहर से आए सभी खिलाड़ियों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था विद्यालय छात्रावास एवं स्थानीय विद्यालय तथा राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय बापू नगर में की गई है। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता के सभी मैच विद्यालय के दोनों खेल मैदानों पर खेले जाएंगे। मुख्य अतिथि गग्गड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि भीलवाड़ा जिला सदैव ही नेटबॉल में अच्छा प्रदर्शन करता है ,इसी प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए खिलाड़ियों को खेल को खेल भावना एवं ईमानदारी से खेलने और अपने विद्यालय व जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी के खेल प्रकोष्ठ के रोशन देवपुरा, स्थानीय विद्यालय की एसडीएमसी के सदस्य एवं भामाशाह सुमित्रा वैष्णव, हंसा पारीक, लव कुमार जोशी एवं सुनीता स्वर्णकार आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनीता जोशी एवं राधेश्याम रेगर ने किया।