#बलरामपुर: #मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 67 जोड़ों का विवाह व निकाह संपन्न, नवदंपतियों को मिला जनप्रतिनिधियों का आशीर्वाद
#बलरामपुर, 25 जुलाई।
उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को तहसील बलरामपुर स्थित माया होटल में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 67 जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न कराया गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में परिजनों ने भाग लिया।
समारोह में 44 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ, जबकि 23 जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपराओं के अनुरूप कराया गया। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, सौहार्द और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। नवदंपतियों और उनके परिजनों ने नए जीवन की शुरुआत पर खुशी जताई।
कार्यक्रम में विधायक सदर पलटूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती शुक्ला, नगर पालिका परिषद बलरामपुर अध्यक्ष प्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख बलरामपुर, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश सोनी, खंड विकास अधिकारी हरैया सतघरवा, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक बेटियों का विवाह कराने का अवसर प्रदान कर सामाजिक समरसता को भी मजबूत कर रही है।
विधायक सदर पलटूराम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर ₹1 लाख कर दिया है, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत ₹64,000 सीधे कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, ₹21,000 की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है तथा ₹15,000 विवाह समारोह के आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं।
समारोह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। नवदंपतियों और उनके परिजनों के लिए भोजन, पेयजल, बैठने सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। विवाह एवं निकाह की सभी रस्में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुईं और पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
#balrampur #dmbalrampur