हरिओम नगर में छापेमारी, 24 लीटर विदेशी शराब के साथ एक गिरफ्तार
बलिया (बेगूसराय)। बलिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या पांच स्थित हरिओम नगर मोहल्ले में छापेमारी कर करीब 24 लीटर विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि हरिओम नगर निवासी नबी खलीफा के पुत्र मोहम्मद आशिक के घर में अवैध रूप से विदेशी शराब रखी गई है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उसके घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से मोहम्मद आशिक को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए बेगूसराय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ थाना क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Dandari, Begusarai | Jul 24, 2026