मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का तीसरा शिविर झांतला में हुआ आयोजित
शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं की हुई सीधी सुनवाई
प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता :विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा
नीमच, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जावद विकासखंड की सिंगोली तहसील के ग्राम झांतला में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत तीसरा समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर सामूहिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों में समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन एवं प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी क्षमता के अनुसार प्राकृतिक एवं आधुनिक संसाधनों तथा तकनीकों का उपयोग कर विकास की गति को कई गुना बढ़ा सकते हैं। इसके लिए गांव स्तर पर टीम गठित कर स्कूल एवं तहसील स्तर पर नियमित रूप से चर्चा एवं संवाद किया जाना चाहिए।
विधायक श्री सखलेचा ने कहा कि शिविर में प्राप्त समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। जिन प्रकरणों का निराकरण तत्काल संभव नहीं है, उन्हें शासन स्तर पर भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी शिविर में सबसे पहले पिछले शिविर में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम बन रहा है। अभियान के तहत 8 जनवरी 2027 तक माह के प्रत्येक शुक्रवार को समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें तथा ग्राम स्तर की शिकायतों का यथासंभव स्थानीय स्तर पर ही समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव की सामूहिक समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों से चर्चा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से जुड़े विषयों की जानकारी दी। वनमंडलाधिकारी श्री एस.के. अटोदे ने वन विभाग की योजनाओं तथा वन्यजीवों से होने वाली क्षति के लिए उपलब्ध राहत प्रावधानों की जानकारी दी।
शिविर में ग्रामीणों ने बालाजी मंदिर परिसर में खुले ट्रांसफार्मर,बस स्टैंड पर लगने वाले जाम, बसों के झांतला के अंदर नहीं आने से होने वाली असुविधा सहित विभिन्न सामुदायिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इसके साथ ही सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन,फसल बीमा, आंगनवाड़ी, विद्यालय एवं सड़क संबंधी व्यक्तिगत एवं स्थानीय समस्याओं से भी अवगत कराया। विधायक एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
शिविर के पश्चात विधायक एवं अधिकारियों ने एसएएम से पीड़ित बच्चों की माताओं को पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए न्यूट्री बास्केट का भी वितरण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर रतलाम रेंज के डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#MukhymantriJanVishwasAbhiyan
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
#Neemuch
#नीमच